गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल में शामिल पुलिस कर्मी। स्रोत- पुलिस
बदायूं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाली परेड के लिए शनिवार को रिज़र्व पुलिस लाइन में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल की गई। इसमें एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह शामिल हुए। इस दौरान परेड ग्राउंड पर अनुशासन, समन्वय एवं एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराई गई तथा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया।
रिहर्सल परेड के मंच संचालन का दायित्व पूर्व प्रतिसार निरीक्षक सुमेर सिंह एवं निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र द्वारा निभाया गया। प्रथम परेड कमांडर के रूप में क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेंंद्र सिंह ने परेड का नेतृत्व किया। उनके साथ द्वितीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक आदर्श तिवारी तथा तृतीय महिला परेड कमांडर उपनिरीक्षक भारती सिंह के निर्देशन में संपूर्ण परेड प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट अनुशासन व तालमेल के साथ प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत पुलिस लाइन में स्कूल व कॉलेजों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी फाइनल रिहर्सल कराई गई। पुलिस मॉडर्न स्कूल सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे पुलिसकर्मियों एवं छात्र-छात्राओं के कार्यक्रमों का अवलोकन करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश सिंह कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल में शामिल पुलिस कर्मी। स्रोत- पुलिस
गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल में शामिल पुलिस कर्मी। स्रोत- पुलिस