बदायूं। रेलवे ट्रैक के पेंड्रोल क्लिप व फिश प्लेट चुराने वाले एक व्यक्ति को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर इस सामान को खरीदने वाले कबाड़ का काम करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव को बुधवार किसी मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक के पेंड्रोल क्लिप व फिश प्लेट किसी को बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर आरपीएफ ने स्टाफ के साथ राजू पुत्र रामप्रसाद निवासी शहबाजपुर थाना कोतवाली को रेलवे के 10 पेंड्रोल क्लिप व एक फिश प्लेट के साथ पकड़ लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने इसे एक कबाड़ बेचने वाले व्यक्ति को बेचने जाना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर आरपीएफ ने कबाड़ का काम करने वाले पिंटू पुत्र रामस्वरूप के मोहल्ला ब्रह्मपुर, जवाहरपुरी पुलिस चौकी के निकट स्थित दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान पर 17 पेंड्रोल क्लिप व दो फिश प्लेटें बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक बच्चा साह द्वारा की जाएगी।