उझानी (बदायूं)। घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकले ग्रामीण का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतरवाया और उसके परिजनों से बात की। उसकी मौत को लेकर देर शाम तक पसोपेश का माहौल बना रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव रौली की है। मंगलवार पूर्वाह्न में गांव का मुन्ने अली (55) घर से निकल गया। बाहर जाते समय उसने खेत पर काम करने की बात अपनी बेटी से कही थी। दोपहर में वह खाना खाने को नहीं लौटा तो भाई अली शेर और बेटा अशफाक उर्फ नन्हे खेत की ओर चल पड़े। खेत से पहले ही सरकारी नर्सरी में मुन्ने के शव को पेड़ पर लटका देखकर उनके होश फाख्ता हो गए। उसके गले में रस्सी का फंदा कसा था। बेटे की सूचना के बाद दरोगा अमर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतरवाने के बाद उन्होंने उसके परिजनों समेत ग्रामीणों से मुन्ने की मौत के बारे में जानकारी की, लेकिन किसी से भी मौत के बारे में कोई खास साफ नहीं हो पाया। परिजन भी इस कारण नहीं बता पाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ओमकार सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। इसके पीछे वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसे लेकर तहकीकात शुरू कर दी गई है।