उघैती के गांव रायपुर कला में चोरी की घटना के बाद अलमारी का बिखरा पड़ा सामान। संवाद
उघैती। थाना उघैती क्षेत्र में तीन भाइयों के सूने घर को चोरों ने निशाना बना लिया। तीनों घरों में रखे सोने-चांदी के जेवर, बर्तन चोरों ने समेट लिए। सोमवार को तीनों भाई भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
थाना क्षेत्र के गांव रायपुर कला निवासी इकबाल, शाह अकबर और शाह अनवर तीनों भाई हैं। तीनों भाई परिवार सहित पंजाब में रहकर मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। बताया जाता है कि तीनों भाई कई माह पहले अपने घरों में ताला लगाकर पंजाब चले गए थे। अब इनकी रिश्ते की भतीजी की शादी है तो सोमवार को तीनों परिवार सहित शादी में शामिल होने के लिए आए थे।
जैसे ही तीनों मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर भीतर दाखिल हुए तो अंदर का नजारा देख वह दंग रह गए। तीनों के घरों का सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, बर्तन, अनाज चोरी हो चुका था, जिसकी कीमत तीन लाख रुपये बताई जा रही है। चोर दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अंदर के कमरों के दरवाजों के ताले तोड़कर घटना को अंजाम दिया। मुख्य दरवाजों पर ताले लगे होने के चलते किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।