जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
आगामी विधानसभा चुनाव में ड्यूटी कटवाने की अभी से सोच रहे कर्मचारियों की सारी कोशिशें बेकार जाएंगी। डीएम ने किसी भी कर्मचारी की ड्यूटी किसी हालत में न काटने का फरमान संबंधित अधिकारियों को दिया है। डीएम ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि चुनाव ड्यूटी से विकलांग कर्मचारियों को भी मुक्त नहीं रखा जाएगा। इतनी रियायत जरूर होगी कि उन लोगों को जिम्मेदारी ऐसी दी जाएगी, जिसको वे आसानी से कर पाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम पवन कुमार ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन में किसी अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी नहीं काटी जाएगी। बिल्सी में आयोजित तहसील दिवस में उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि किसी कर्मचारी की चुनाव ड्यूटी काटने की संस्तुति न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अधिकारी कर्मचारी दिव्यांग होने को आधार बनाकर चुनाव ड्यूटी कटवाना चाहेगा तो भी उसकी ड्यूटी नहीं काटी जाएगी। इसी तरह मेडिकल आधार पर ड्यूटी से मुक्त करने के लिए प्रार्थनापत्र देने वालों का सीएमओ से बनाए गए पैनल से बारीकी से परीक्षण कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो दुबारा भी मेडिकल कराएंगे और गलत मेडिकल रिपोर्ट आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि चुनाव ड्यूटी में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। चूंकि चुनाव का कार्य अहम और जिम्मेदारी वाला होता है इसलिए बहुत सारे कर्मचारी और शिक्षक इससे बचते हैं। वे ड्यूटी कटवाने के लिए सिफारिशें भी लगवाते हैं।