बदायूं। जिले भर के आउटसोर्स कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर हैं। इससे बिजली आपर्ति बेपटरी हो गई है। शहर के कई मोहल्लों में बिजली लाइनों में फाल्ट आने के बाद कर्मचारी नहीं पहुंचे हैं। इससे नेकपुर, शिवपुरम, आवास विकास, लालपुल, चौधरी सराय, नवादा आदि मोहल्लों में रात में अंधेरा छाया रहा। उपभोक्ता गर्मी से परेशान रहे। फोन लगाने पर किसी कर्मचारी ने रिसीव नहीं किया। इसके अलावा सहसवान, बिल्सी, कादरचौक समेत करीब 200 से अधिक गांव के लोग अंधेरे में रहे। गर्मी में बेहाल लोग छतों पर रात काटने को मजबूर हैं।
कई मोहल्लों ने सप्लाई रही बाधित
सहसवान। मंगलवार दोपहर से रात करीब 11 बजे तक मुख्य बाजार की सप्लाई ठप रही। इससे लोगों ने शाम को जल्दी दुकानें बंद कर दीं। शहबाजपुर मोहल्ले की शाम तीन बजे से सात बजे तक आपूर्ति बंद रही। भवानीपुर फीडर में फाल्ट होने से सप्लाई बंद हो गई। मोहल्ला मोहद्दीनपुर की आपूर्ति भी कई घंटे बंद रही। इसके अलावा कौल्हाई, बक्सर आदि फीडर पर भी ब्रेक डाउन होते रहे। इससे लोग परेशान रहे।
फुंके दो ट्रांसफार्मर, कादरचौक की सप्लाई बंद
कादरचौक। सोमवार की रात 11 बजे 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। मंगलवार को रात नौ बजे दूसरा भी ट्रांसफार्मर फुंक गया। लगातार ट्रांसफार्मर फुंकने से सरकारी कार्यालयों की सेवाएं बाधित हो रही है। इन्वर्टर और ई-रिक्शा की बैटरियां भी चार्ज नहीं हो सकी है। महीने में चार से पांच बार 33 केवी की लाइन में ब्रेकडाउन हो चुका है।
फोटो-13
तीन दिन से कृषि फीडर बंद, किसान परेशान
दबतोरी। आसफपुर विद्युत उपकेंद्र के कृषि फीडर से नलकूपों को सोमवार सुबह सात बजे से बुधवार शाम 4:50 बजे तक बिजली आपूर्ति नहीं मिली है। इससे किसानों की मक्का की फसल सूख रही और किसान अल्टीनेटर लगाकर निजी नलकूपों से सिंचाई को मजबूर हैं।
फोटो-16
परेशान ग्रामीण पहुंचे बिजली उपकेंद्र, शुरू कराया फीडर
गुलडिया। थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव करौलिया फीडर बुधवार सुबह पांच बजे बंद हो गया। गांव के लोग गर्मी से परेशान हो गए। बिजली से चलने वाले उपकरण बंद हो गए। परेशान होकर गांव के लोग उपकेंद्र पर पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शाम करीब चार बजे बिजली सप्लाई शुरू हो सकी।
- नेकपुर की लाइन में फाल्ट हो गया है। शिवपुरम क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। रात में ही ट्रांसफार्मर बदलवा दिया गया है। नेकपुर की लाइन को भी ठीक हो गई है। - सुमित कुमार साहू, एसडीओ
-
आईटीआई प्रशिक्षणार्थी को बताई उपकेंद्र की बारीकियां
बिल्सी। बुधवार को एक्सईएन नागेंद्र सिंह ने आईटीआई बिल्सी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को उपकेंद्र पर बुलाया और मशीनों के बारे में जानकारी दी। यहां विद्यार्थियों को शटडाउन और आउटपुट, इनपुट समेत बिजली ट्रांसफार्मर, लाइन जोड़ना, हाई टेंशन लाइन इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया। एक्सईएन ने बताया इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई करने वाले विद्यार्थियों को विद्युत उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई है। आपातकाल स्थिति में इन विद्यार्थियों से काम लिया जा सकेगा। आपातकाल स्थिति से निपटने के लिए विभाग की ओर से सभी व्यवस्थाएं की जा रही है।
दबतोरी में ट्रैक्टर के अल्टीनेटर से चलाया जा रहा ट्यूबवेल। संवाद
दबतोरी में ट्रैक्टर के अल्टीनेटर से चलाया जा रहा ट्यूबवेल। संवाद