यहां बता दें कि पनबड़िया बिजली उपकेंद्र से शहर का सबसे बड़ा मध्य इलाका जुड़ा हुआ है। लगभग आधा शहर बिजली न मिलने से प्रभावित रहेगा। एसडीओ छैल बिहारी ने बताया कि नवनिर्मित कचहरी बूथ सब स्टेशन के लिए बिजली लाइनें डालने का काम मध्य निर्माण खंड बरेली कर रहा है। दातागंज रोड पर पनबड़िया बिजली उपकेंद्र की लाइन को नई लाइन क्रॉस करेगी। ऐसे में बड़ा खतरा रहता है। इस खतरे को देखते हुए पनबड़िया बिजली उपकेंद्र से बिजली सप्लाई सुबह 10 से शाम चार बजे तक ठप रहेगी। एसडीओ ने बिजली उपभोक्ताओं से कहा है कि दिन में बिजली न होने के कारण उन्हें असुविधा हो सकती है। विभाग सुरक्षा के कारणों से बिजली सप्लाई बंद करने को मजबूर हुआ है।
7.70 लाख की वसूली को छापामारी में 28 कनेक्शन काटे
एसडीओ सदर छैल बिहारी के नेतृत्व में बकाया वसूली को चल रहे छापामारी अभियान में 28 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए। नेकपुर, मधुवन कालोनी और चौधरीगंज में 28 उपभोक्ताओं पर 7.70 लाख रुपये का बकाया है। सभी उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई कि अगर, समय रहते बकाया राशि जमा नहीं कराई जाती है तो वसूली राजस्व विभाग को दे दी जाएगी। राजस्व विभाग उनकी आरसी भी काटेगा।