म्याऊ नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को दवा दी गई। संवाद
बदायूं/म्याऊं। जिले में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन विभिन्न नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। इस दौरान सर्दी, खांसी और जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। मेले में पहुंचे मरीजों को जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया। साथ ही जरूरत के अनुसार विभिन्न जांचें भी कराई गईं।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे आरोग्य मेले में सुबह से ही मरीज पहुंचने लगे। अधिकतर मरीज मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-खांसी, बुखार, बदन दर्द और सांस संबंधी रोगों से पीड़ित पाए गए। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया और निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
दबतोरी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे आरोग्य मेले में दोपहर 2:30 बजे तक करीब 50 मरीज दवा लेकर जा चुके थे। इनमें से अधिकांश मरीज सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार, बदन दर्द और श्वास रोग से संबंधित थे। डॉक्टर की सलाह पर 19 मरीजों के रक्त की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में पांच मरीज मलेरिया, एक टाइफाइड, चार पीलिया और नौ मरीजों की शुगर जांच की गई। इनमें से दो मरीजों की शुगर सामान्य से अधिक पाई गई, जबकि शेष की रिपोर्ट सामान्य रही। हालांकि मेले में कोई अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित नहीं रहा। वहीं म्याऊं में भी नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। वहां पर भी मरीजों की जांच की गई।