आदित्य बोले- एकजुटता हमारी ताकत
सभा को संबोधित करते हुए सपा सांसद आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब हवा में चुनाव लड़ने का समय नहीं है। गुटबाजी छोड़कर सबको एकजुट होना पड़ेगा। अगर हम एक रहेंगे तो प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने सपा को भरपूर समर्थन दिया, अब विधानसभा चुनाव में उसी एकता और जनसमर्थन को बनाए रखना है। एक दूसरे की टांग खींचने से संगठन कमजोर होता है, जबकि हमारी ताकत हमारी एकजुटता है।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव, पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी, विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, वरिष्ठ नेता नरोत्तम सिंह, नवाब सिंह, पूरन सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इससे पहले सहसवान पहुंचने पर शिवपाल सिंह यादव और आदित्य यादव का मेरठ हाईवे पर सपा कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और नारों के बीच भव्य स्वागत किया।
भाजपा से मिली हुई हैं मायावती: शिवपाल
सहसवान में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मायावती पूरी तरह से भाजपा से मिली हैं। जो भाजपा कहती है वह वही करती हैं। पीड़ितों के साथ सपा है, हम सभी को एकत्र कर रहे हैं। इसी से भाजपा बौखलाई हुई है। बीते 2024 के चुनाव में इसका उदाहरण सामने आ चुका है। बोले, बिहार चुनाव में राजद की जीत होगी और तेजस्वी की सरकार बनेगी। कहा कि भाजपा के लोग वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का काम करते हैं।
शिवपाल यादव ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य बड़े नेता हैं और वह मेरे मित्र हैं। हालांकि वह कब क्या बोल दें, इसलिए उनकी बात को हम लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। शिवपाल ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में आए बिना निष्पक्ष चुनाव कराए।
शिवपाल यादव को सुनाई दास्तां
शिवपाल सिंह यादव और उनके पुत्र बदायूं से सांसद आदित्य यादव के पहुंचने पर पार्टी के नेताओं के जुबां पर बीते दिनों की बातें आ गईं। प्रदेश सचिव रजनीश गुप्ता ने यहां तक कह दिया कि नगर निकाय चुनाव में उन्हें पार्टी का सिंबल और बड़े नेताओं का साथ मिला होता तो तस्वीर बदल जाती।
सपा नेता शिवपाल सिंह यादव रविवार दोपहर कुछ देर के लिए सपा के प्रदेश सचिव रजनीश गुप्ता के निवास पर रूके। स्वागत- सत्कार के बाद कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने खुद पर गुजरीं बातें सुनानी शुरू कीं तो राष्ट्रीय महासचिव से लेकर सांसद आदित्य यादव ने उन्हें टोका भी नहीं।