बदायूं। जिले के सरकारी अस्पतालों में पहले ही फार्मासिस्टों का टोटा है। वहीं पिछले दिनों शासन ने जिले में तैनात सात फार्मासिस्टों का स्थानांतरण अन्य जनपदों में कर दिया था। रिक्त हुए पदों पर सिर्फ एक कर्मचारियों की ही आमद हुई थी। ऐसे में मरीजों को दवा मिलने में दिक्कत हो रही है।
जिला अस्पताल में स्वीकृत 11 पदों के सापेक्ष मौजूद वक्त में सात फार्मासिस्ट है। एक प्रभारी और चीफ फार्मासिस्ट के दो पद भी खाली चल रहे हैं। इन पदों को भरने के लिए सीएमएस स्तर से विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र भी भेजे गए हैं, लेकिन अभी तक तैनाती नहीं हो सकी है। ऐसे इन पदों के रिक्त चलने से अन्य फार्मासिस्ट से कार्य लिया जा रहा है। इससे उनका कार्य प्रभावित होता रहता है। साथ ही प्रभारी और चीफ फार्मासिस्ट से होने वाले कार्य भी समय से नहीं हो पा रहे हैं। इसी तरह महिला अस्पताल में फार्मासिस्ट के नौ पद है। इनमें इस समय आठ फार्मासिस्ट तैनात हैं। वहां पर भी एक प्रभारी और दो चीफ फार्मासिस्ट के पद खाली चल रहे हैं।
सीएचसी, पीएचसी पर 28 फार्मासिस्ट है कम
-जिले में इस समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की संख्या 17 है। इनमें 15 ब्लॉक लेवल पर है। वहीं इतने ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। इन सभी सीएचसी और पीएचसी के लिए 95 फार्मासिस्ट के पद स्वीकृत है। इसके सापेक्ष 67 फार्मासिस्ट कार्यरत है। कई फार्मासिस्ट का कहना है कि स्वीकृत पदाें के अनुरूप फार्मासिस्ट की नियुक्ति हो जाए, तो निश्चित तौर पर जहां विभागीय कार्य पटरी पर चलेगा, वहीं लोगों को और भी अच्छी सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो सकेंगी।
-