बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव धनूपुरा में खेत की जुताई करते समय नीचे झूलती हुई हाईटेंशन लाइन ट्रैक्टर में टच हो गई। इससे अकरब की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा फैल गया। तहसीलदार महेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कर मृतक के परिवार वालों को मुआवजे का भरोसा दिया।
धनूपुरा निवासी अकरब (32) पुत्र रफीक उल्ला खां का गांव के पास ही खेत है। खेत से होकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लाइन जर्जर होने की वजह से काफी नीचे झूल रही है। सोमवार को अकरब ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन ट्रैक्टर के सायलेंसर में टच हो गई। इसके साथ तेज धमाका हुआ। ट्रैक्टर के चारो पहिए फट गए। अकरब की मौके पर मौत हो गई।
हाईटेंशन लाइन से हादसे की खबर मिलने पर तहसीलदार बिसौली मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गुस्साए लोगों को शांत कराया। तहसीलदार ने मृतक के परिवार वालों को मुआवजे का भरोसा दिया। गांव वालों में बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा है। घटना के बाद मृतक की पत्नी मुनब्बरी, मां मुनक्खा और चार बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
शिकायत को अनदेखा करता रहा बिजली विभाग
दबतोरी। अकरब की पत्नी मुनब्बरी ने बताया कि कई महीने से खेत में लाइन काफी नीचे झूल रही थी। उसके पति ने कई बार बिजली विभाग से शिकायत कर लाइन को ठीक कराने की मांग की, लेकिन विभाग उसकी शिकायत को अनदेखा करता रहा। पिछले दिनों इसी लाइन की वजह से मुन्नी समेत कई गांव वालों की गेहूं की फसल भी बर्बाद हो गई थी।
दो दर्जन गांवों की बिजली सप्लाई हुई ठप
दबतोरी। ट्रैक्टर में टच होने के बाद हाईटेंशन लाइन टूट गई। इससे करेंगी फीडर से जुड़े दो दर्जन गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। करेंगी फीडर के संविदा कर्मी राजेंद्र और कल्लू से हाथ खड़े कर लिए हैं। उन्होंने आसफपुर सब स्टेशन पर लिखकर दे दिया है कि जब तक जर्जर लाइनों को नहीं बदला जाता वह काम करने में असमर्थ हैं। फिलहाल फीडर से जुड़े धनूपुरा, करलावाला, ललुआ नगला, दबतोरी, संग्रामपुर, भरतपुर, दबतोरा, मुसिया नगला, मोतीपुर, बीघा नगला समेत दो दर्जन गांवों में सप्लाई ठप है।