फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में ग्राम दासपुर में चोरी के बाद फैला सामान। संवाद
फैजगंज बेहटा। थाना क्षेत्र में बुधवार रात से सुबह करीब पांच बजे के बीच ग्राम दासपुर में एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। चोर बंद मकानों को ही निशाना बना रहे हैं। ताबड़तोड़ घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं।
ग्राम दासपुर निवासी महेश चंद पुत्र नैनसुख, वीरेश कुमार पुत्र सरनाम सिंह, छोटेलाल पुत्र स्व. जयपाल और उमेशपाल पुत्र भुलेराम के घरों में चोरी हुई है। इनमें छोटेलाल और उमेशपाल बाहर रहकर मजदूरी करते हैं, जिससे उनके मकान बंद पड़े थे। रात में घुसे चोरों ने कमरों में रखी अलमारी व संदूक खंगाले और कपड़े व घरेलू सामान फर्श पर बिखेर दिया। चोर घरों से नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए।
पीड़ित वीरेश कुमार ने बताया कि उनके मकान में दो कमरे हैं, रात में वह परिवार के साथ बराबर वाले कमरे में सोए थे। चोरों ने उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, दूसरे कमरे की अलमारी से सामान समेट ले गए। सुबह करीब पांच बजे परिवार के सदस्यों की आंख खुली तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इस पर वीरेश ने भाई को फोन किया, जिन्होंने आकर दरवाजा खोला, तब चोरी की जानकारी हुई। एक दिन के अंतराल पर दो ही किलोमीटर के दायरे में लगातार हुई चोरी की घटनाएं होने से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
इधर, सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनाओं के खुलासे के लिए टीम लगाई गई हैं।