बिसौली में लकड़ी-बांस व्यापारी बताता हुआ कि इसी अलमारी से गायब हुई रकम। संवाद
बिसौली। मोहल्ला पक्की सराय में लकड़ी-बांस व्यापारी के बंद मकान से 15.50 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। सूचना पर एसपी देहात, क्षेत्राधिकारी, एसओजी, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्र में चोरों के बारे में जानकारी कर रही है।
व्यापारी इरशाद अली पुत्र असफाक अली ने बताया कि 20 जुलाई को जमीन बेचने से मिले 10 लाख और कारोबार के करीब साढ़े पांच लाख रुपये अलमारी में रखे थे। 16 अगस्त को वह पत्नी शबाना, तीन बच्चों और बहन के साथ फैजगंज स्थित बड़ी बहन के घर गए थे। परिवार उसी दिन रात में लौट आया।
सोमवार की रात करीब 10 बजे पत्नी ने अलमारी खोली तो रकम गायब थी। अलमारी में सिर्फ 400 रुपये मिले। नकदी गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस अलमारी में नकदी रखी थी, उसका ताला बंद मिला। मकान के मुख्य दरवाजे समेत अन्य तालों पर भी जबरन घुसने या तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले। इससे पुलिस के सामने नकदी गायब होने के तरीके को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के दौरान मकान के पीछे खेत से कुछ कागजात और एक डिब्बा मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
फिलहाल व्यापारी की ओर से थाने में लिखित तहरीर नहीं दी गई है। वहीं, सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।