बदायूं। युग दधीचि देहदान अभियान के माध्यम से समाजहित में एक और अनुकरणीय उदाहरण सामने आया है। अभियान के तहत कानपुर से लाकर राजकीय मेडिकल कॉलेज को चौथी पार्थिव देह समर्पित की गई। यह देह कानपुर के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल बिठूर अंतर्गत ग्राम रमेल नगर निवासी 85 वर्षीय स्वर्ण कौर की थी, जिन्होंने वर्ष 2011 में देहदान का संकल्प पत्र भरकर मानवता और चिकित्सा शिक्षा के लिए अपनी देहदान करने का संकल्प लिया था।
अभियान के निदेशक मनोज सेंगर एवं माधवी सेंगर ने बताया कि 3 जनवरी की तड़के लगभग 2 बजे एक स्थानीय अस्पताल में स्वर्ण कौर का निधन हो गया। निधन के तुरंत बाद रात करीब 3 बजे परिजनों ने फोन कर उनके देहदान संकल्प को पूरा कराने का अनुरोध किया। सूचना मिलते ही मनोज सेंगर ने बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज को देहदान कराने का निर्णय लिया।
शनिवार साढ़े दस बजे कानपुर से प्रस्थान कर सेंगर दंपति शाम साढ़े चार बजे बदायूं मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एम. हुसैन ने अपने सहयोगी चिकित्सकों डॉ. अर्जित एवं डॉ. पुनीत के साथ पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर सम्मान सहित स्वीकार किया। कानपुर में देह समर्पण के समय दिवंगत स्वर्ण कौर की बहू कुलविंदर कौर, भाई सरदार गुरुपाल सिंह, सरदार इकबाल सिंह, मीनू सिंह, पारिवारिक मित्र कृपा शंकर पाण्डेय सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे।
14 वर्ष बाद पूरा हुआ संकल्प
स्वर्ण कौर की बहू कुलविंदर कौर ने भावुक स्वर में बताया कि उनकी बुआ सास ने वर्ष 2011 में बड़े उत्साह के साथ देहदान का संकल्प लिया था। आज 14 वर्ष बाद मनोज सेंगर के सहयोग से उनका संकल्प पूर्ण हुआ, जिससे पूरे परिवार को आत्मिक संतोष और गर्व की अनुभूति हो रही है। युग दधीचि देहदान अभियान के तहत बदायूं मेडिकल कॉलेज को यह चौथी और प्रदेश स्तर पर कुल 313वीं पार्थिव देहदान कराई गई है।
इससे पूर्व 5 सितंबर 2023 को श्याम नगर कानपुर निवासी श्याम बाबू, 13 दिसंबर 2023 को किदवई नगर कानपुर निवासी प्रेमलता केडिया तथा 15 जुलाई 2024 को आर्यनगर कानपुर निवासी आशा भदौरिया की देह बदायूं मेडिकल कॉलेज को दान की जा चुकी है। लगभग डेढ़ वर्ष बाद चौथी देह के रूप में बिठूर कानपुर निवासी स्वर्ण कौर की देह कॉलेज को समर्पित की गई।