बदायूं। रक्षाबंधन पर मायके आई पत्नी को अकेले ही नोएडा बुलाने की जिद पर अड़े युवक ने विदाई के बाद सरेराह उसके साथ मारपीट कर दी। विवाहिता के पिता ने दामाद सहित दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बिनावर थानाक्षेत्र के गांव रजागंज निवासी सुरेशपाल ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कुसुमा देवी की ससुराल उसहैत थानाक्षेत्र के गांव करीमनगर में है। दामाद योगेश नोएडा में काम करता है। बेटी भी वहीं रहती है। रक्षाबंधन पर कुसुमा नोएडा से अपने मायके गांव रजागंज आई थी। इसके बाद से दामाद बेटी को लगातार फोन कर अकेले ही नोएडा आने को कह रहा था।
बेटी ने अकेले आने में असमर्थता जताई। इससे दामाद बौखला गया। आरोप है कि उसने 12 अगस्त को राजा नाम के युवक को कुसुमा को लिवा लाने के लिए भेजा। जब वह लोग नोएडा जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे तो दामाद भी एक अन्य युवक के साथ रास्ते में मिल गया। उसने बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। भीड़ जुटने पर दामाद व राजा बेटी को छोड़कर बाइक से भाग निकले। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।