कादरचौक। थाना क्षेत्र के गांव बादुल्लागंज में पिता भीकम पुत्र सोनपाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर 19 दिन से लापता सात वर्षीय बेटे सोहिल के अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। एसएसपी ने पीड़ित को आश्वासन दिया है।
पीड़ित पिता के अनुसार, घटना 17 जनवरी की शाम की है, जब गांव का ही एक युवक उसके बेटे को बहला-फुसलाकर खेलने के बहाने ले गया। तब से बच्चा लापता है। जब पीड़ित परिवार ने घर जाकर पूछताछ की तो वहां मौजूद दबंगों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अभी एक लड़का गायब हुआ है, दोबारा आए तो दूसरे को भी गायब कर देंगे।
इस मामले में 18 जनवरी को ही अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस नामजद आरोपियों से पूछताछ नहीं कर रही है, जिससे बच्चे की जान को खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने एसएसपी से न्याय और बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही पुलिस बच्चे को बरामद करेगी।