बदायूं। दिनभर मौसम का मिजाज पल-पल बदलता रहा। सुबह हल्की धूप निकली तो कुछ देर बाद ही काले बादल छा गए। देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। दोपहर में तेज धूप निकली। उसके बाद फिर बारिश हुई। रूक-रूक के बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
शहर में बारिश होने से मुख्य मार्गों के साथ ही मोहल्लों की गलियों में पानी भर गया। टूटी और गड्ढों वाली सड़कों में पानी भर जाने से स्थिति और बिगड़ गई। पैदल चलने वालों को जगह-जगह रुकना पड़ा। वहीं वाहन चालकों को भी गड्ढों से भरी सड़कों पर सावधानी से निकलना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालक पानी से भरी सड़कों पर फिसल गए। शहर के जोगीपुरा निवासी सुमित सिंह, राकेश का कहना है कि हल्की बारिश में ही शहर की सड़कें तालाब जैसी हो गई हैं। सड़क निर्माण व मरम्मत का काम समय से नहीं होने की वजह से हर साल बरसात में यही समस्या सामने आती है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।