जिला अस्पताल की ओपीडी में दवा लेने को लगी मरीजों की लाइन। संवाद
बदायूं। जिले में चल रही पछुआ हवा लोगों की सेहत पर असर डाल रही है। हवा में ठंडक होने की वजह से यह सीने में समा जा रही है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत, बुखार, सर्दी, खांसी आदि की समस्या हो रही है।
जिले में पिछले तीन-चार दिन से तेज पछुआ हवा चल रही है। शुक्रवार को भी सुबह से ही हवा चली और दोपहर में तेज धूप में भी हवा नहीं थमी। तेजी से बदल रहा मौसम बीमारियों की सौगात दे रहा है। अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी है। ओपीडी बंद होने तक 1312 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इससे पर्चा काउंटर पर लाइन लगी रही।
सबसे अधिक भीड़ फिजीशियन कक्ष में देखने को मिली। सर्दी, बुखार से पीड़ित 465 मरीज पहुंचे। सांस में दिक्कत के चलते 211 मरीज आए। डायरिया के भी 25 से अधिक मरीज आए। इसके अलावा अन्य मरीज पहुंचे। डॉक्टरों ने मरीजों को मौसम के हिसाब से एहतियात बरतने की सलाह दी। लैब और दवा वितरण काउंटर पर भी मरीजों और उनके साथ आए लोगों की भीड़ रही।
डॉ. अलंकार सोलंकी ने बताया कि बदलते मौसम में लोगों के बीमार पड़ने का सबसे बड़ा कारण इन्फ्लूएंजा संक्रमण है। इसके लक्षणों में बुखार, सिर और शरीर में दर्द, खांसी, बंद नाक या नाक बहने के साथ थकान और कमजोरी की समस्या हो सकती है। जिला अस्पताल में हर रोज अधिकांश मरीज इसी तरह के आ रहे हैं।
मौसम बदलने के साथ ही लोगों को खांसी, सर्दी व बुखार लोगों को घेर रहा है। अधिकांश मरीज ऐसे ही पहुंच रहे हैं। आगे आने वाले कई दिन तक खांसी से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। - कप्तान सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल