दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव बेलाडांडी में शनिवार शाम गाय की ठोकर से कच्ची दीवार ढह गई। मलबे में दबकर वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
गांव बेलाडांडी निवासी गंगा श्री (65) पत्नी जागन शनिवार शाम करीब पांच बजे घर की कच्ची दीवार के पास बैठीं थीं। दीवार के पास ही खूंटे पर उनकी गाय बंधी थी। इसी बीच गाय की ठोकर से कच्ची दीवार भरभराकर वृद्धा के ऊपर गिर गई। वह मलबे में दब गईं। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मलबे को हटाया, लेकिन तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी। वृद्धा के कोई संंतान नहीं थी। वह बुजुर्ग पति के साथ ही घर पर रहती थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने वृद्धा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। ग्रामीणों ने हल्का लेखपाल को हादसे की सूचना दी है। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि दीवार गिरने से मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई थी। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।