पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित करते डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी, साथ में एसएसप
बदायूं। डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही मिलने पर उसहैत इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह को डीआईजी ने लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया।
डीआईजी ने कहा कि अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। पुलिस की प्राथमिकता जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि लुटेरों, चोरों एवं गम्भीर अपराधों में संलिप्त पेशेवर अपराधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए।
डीआईजी ने गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई करने पर बल दिया।
सड़क हादसे रोकने को बनाएंं कार्ययोजना, लंबित मामलों का करें खुलासा
डीआईजी ने जिले में घटित घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ‘जीरो फैटिलिटी डिस्ट्रिक्ट सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया। महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध रोकने को चलाएं जागरूकता अभियान
साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा आम जनता को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताने के निर्देश भी दिए गए। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने, शिकायतों का शीघ्र एवं विधिक निस्तारण करने तथा महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।