बदायूं। जिले में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। जिले में 24 जनवरी से एक फरवरी के बीच इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसे लेकर जिले के कॉलेजों में व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रहीं हैं। संबंधित शिक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है। साथ ही 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिले में कुल 142 कॉलेजों को प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर परीक्षाएं निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए बोर्ड स्तर से परीक्षकों और शिक्षकों की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रयोगशालाओं की साफ-सफाई, उपकरणों की जांच और आवश्यक सामग्री की उपलब्धता पूरी की जा रही है। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैठने, पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कॉलेजों में परीक्षा तिथियों के अनुसार विषयवार समय-सारिणी भी तैयार कर ली गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों से समय से केंद्र पर पहुंचने और सभी आवश्यक चीजें साथ लाने बात कही है।
जिले में 142 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है। -लालजी यादव, डीआईओएस