बाद में पुलिस की मौजूदगी में निकाली गई कलश यात्रा
एसडीएम सदर, सीओ दातागंज भी मौके पर पहुंचे
थाना क्षेत्र के गांव इस्लामगंज में भागवत कथा से पहले कलश यात्रा निकालने का एक पक्ष के लोगों विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। हालात तनाव पूर्ण होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसडीएम सदर जंग बहादुर यादव और सीओ दातागंज डॉ. केके सरोज भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में कलश यात्रा निकाली गई।
इस्लामगंज गांव में भागवत कथा का आयोजन होना था। शनिवार शाम भागवत कथा से पहले कलश यात्रा की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने कलश यात्रा का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। खबर मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक पक्ष के लोगों का कहना था कि उनका धार्मिक जुलूस भी नहीं निकलने दिया गया था। जबकि दूसरे पक्ष के लोगों का कहना था कि यह कोई जुलूस नहीं और कोई नई परंपरा भी नहीं है। गांव में हर साल भागवत कथा से पहले कलश यात्रा का आयोजन किया जाता है।
शाम को ही पुलिस और प्रशासन अधिकारी गांव पहुंच गए। गांव में तनाव बढ़ने से पहले ही पुलिस ने एक पक्ष के करीब दो दर्जन लोगों को निरोधात्मक कार्रवाई के नोटिस जारी कर दिए। इसके बाद रविवार की सुबह गांव में कड़ी सुरक्षा के बीच कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान मूसाझाग, हजरतपुर, उसावां से भी फोर्स भी बुला ली गई। करीब दो घंटे के बाद कलश यात्रा का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम की पुलिस ने वीडियाग्राफी भी कराई।
माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। स्थिति पूरी तरह से शांत है। कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। गांव के सभी लोगों को चेताया है।
-डॉ. केके सरोज, सीओ दातागंज