उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर छुट्टा पशुओं का झुंड सामने आ जाने पर उन्हें बचाने की कोशिश में चालक का संतुलन बिगड़ गया और 16 टायरा ट्रक पेड़ से टकराकर पलट गया। चालक हादसे के दौरान कूद पड़ा, नहीं तो उनकी जान पर बन आती।
हादसा छतुइया रेल फाटक के पास बुधवार तड़के करीब पांच बजे हुआ। पीलीभीत जिले के पूरनपुर से चावल लोड करने के बाद ट्रक गुजरात के गांधीनगर के लिए रवाना हुआ था। छतुइया रेल फाटक के पास हाईवे पर ट्रक के सामने अचानक छुट्टा पशुओं का झुंड आ गया। यह देखते ही अलवर (राजस्थान) निवासी अरशद ने ब्रेक लगाया तो ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रक पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया, फिर खाई में गिरकर पलट गया।
चश्मदीदों में नेत्रपाल ने बताया कि चालक अरशद ट्रक से नहीं कूदते तो वह भी हादसे का शिकार हो जाते। अरशद के मामूली खरोचें आई हैं। पेड़ से टकराने की वजह से ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चालक ने ट्रक मालिक को भी हादसे से अवगत करा दिया है। दोपहर में उसे अनलोड किए जाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को खाई से बाहर निकाला जाएगा।