दातागंज। खंड विकास अधिकारी की बिना जानकारी के स्थानांतरित प्रधान सहायक ने विभागीय डाेंगल का इस्तेमाल कर करीब दो लाख रुपये का भुगतान कर दिया। इस पर खंड विकास अधिकारी ने प्रधान सहायक का जवाब तलब किया है। विभाग में इस मामले को लेकर व्यापक चर्चाएं हैं और प्रधान सहायक पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
ब्लॉक समरेर में आवास योजना पटल के प्रधान सहायक अतुल शर्मा का स्थानांतरण हो चुका है। स्थानांतरण होने के बावजूद उसने विभागीय डोंगल का इस्तेमाल कर तकरीबन दो लाख रुपये का भुगतान कर दिया। भुगतान के लिए उसने खंड विकास अधिकारी का डोंगल उनकी जानकारी के बगैर उपयोग किया है। इसकी जानकारी होने पर खंड विकास अधिकारी ने नोटिस देकर प्रधान सहायक से जवाब-तलब किया है।
ब्लॉक दातागंज और समरेर दोनों का कार्यभार देख रहे प्रधान सहायक अतुल शर्मा का ट्रांसफर पांच अप्रैल को जिला विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने विकासखंड बिसौली के लिए कर दिया था। खंड विकास अधिकारी समरेर को तत्काल रिलीव करने का भी निर्देश भी दे दिया था। प्रधान सहायक ने आठ अप्रैल को 1.50 लाख और 49,510 रुपये का भुगतान कर दिया। इस भुगतान की उन्होंने खंड विकास अधिकारी को जानकारी भी नहीं दी। नौ अप्रैल को इस घोटाले की जानकारी होने पर खंड विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने संबंधित बैंक को फोन करके दोनों भुगतानों पर रोक लगवा दिया। उसके बाद प्रधान सहायक अतुल शर्मा को जारी नोटिस में गलत मंशा से ट्रांसफर के बाद भुगतान करने और उनके डोंगल का जानकारी दिए बगैर इस्तेमाल करने पर जवाब मांगा है। खंड विकास अधिकारी ने बताया की उच्च अधिकारियों को भी इस मामले से अवगत करा दिया गया है। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रधान सहायक पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।