बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम पेड़ से लटके मिले किशोरी के शव के मामले में परिजनों के हत्या के आरोप को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने निराधार साबित किया है। बुधवार को हुए पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के अनुसार, किशोरी की मौत हैंगिंग यानी फंदे से लटककर होना पाई गई। पुलिस अब आत्महत्या की वजह तलाश रही है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम खेतीहर इलाके में पेड़ से एक 13 साल की किशोरी का शव लटका मिला था। परिजनों ने बताया था कि किशोरी दोपहर के समय घर से पशुओं को चारा लाने की बात कहकर निकली थी। दो घंटे बाद उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते किशोरी की हत्या का आरोप लगाया था।
हत्या के आरोप के चलते फॉरेसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए थे। वहीं, पुलिस ने भी ग्रामीणों से गहनता से पूूछताछ की थी। वहीं, बुधवार को पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत हैंगिंग से होना पाई गई। इससे परिजनों के हत्या के आरोप बेदम हो गए।
सहसवान कोतवाल राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से किशोरी की मौत होने की वजह सामने आई है। किशोरी ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है।