बदायूं। ओवरलोडिंग और कटौती के चलते बिजली आपूर्ति का सिस्टम चरमराया हुआ है। बिजली निगम के अधिकारियों का मानना है कि चोरी की वजह से ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ गई है। इसे रोकने के लिए टीम बनाकर पेट्रोलिंग की जाएगी।
पिछले पंद्रह दिनों में शहर में 50 से 60 फीसदी ओवरलोडिंग बढ़ी है। अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार का कहना है कि दिन की अपेक्षा रात को लोड ज्यादा बढ़ रहा है। शहर के छह उपकेंद्रों पर करीब 45,000 कनेक्शन हैं। ज्यादा गर्मी की वजह से लगातार एसी चल रहे हैं। इससे बिजली का लोड भी बढ़ रहा है। कुछ इलाकों में ज्यादा बिजली चोरी हो रही है।
इस समय बिजली की समस्या को देखते हुए रात को पेट्रोलिंग कराने का निर्णय लिया गया है। पहले संबंधित क्षेत्रों में लगे ट्रांसफॉर्मरों के लोड की जांच की जाएगी। इसके बाद घर-घर जाकर लोड देखा जाएगा। जल्द ही यह अभियान शुरू हो जाएगा।
विद्युत निगम के लिपिक ने दी आत्मदाह की चेतावनी
बिसौली। विद्युत वितरण खंड तृतीय में तैनात लिपिक कपिल शर्मा ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। उसका कहना है कि उसका तीन माह का अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया था और न ही वेतन आहरित किया गया। इस पर अधिशासी अभियंता रामलाल ने इंस्पेक्टर बिसौली को पत्र भेजकर अनावश्यक दबाव डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कपिल तीन माह से बिना किसी सूचना के गैर हाजिर चल रहे थे। कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया लेकिन उन्होंने कोई जबाव नहीं दिया। 28 जनवरी को कपिल ने मेडिकल फिटनेस के साथ योगदान आख्या प्रस्तुत की लेकिन सत्यापित चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया और न ही अवकाश प्रार्थना पत्र दिया। संवाद