बदायूं। सूर्य घर योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार से सब्सिडी दी जा रही है। तीन साल में 5880 घरों में यह प्लांट लगना है लेकिन अब तक 445 ही लगाए जा सके हैं। इस योजना की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही नगर पालिकाओं व पंचायतों के ईओ को निर्देश दिया कि इसके लिए शिविर लगवाकर लोगों को लाभ दिलवाएं।
डीएम ने बताया कि योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में दो-तिहाई तक की बचत की जा सकती है। साथ ही 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली भी मिलेगी। योजना में एक किलोवाट पर 45 हजार रुपये का अनुदान, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये और तीन से पांच किलोवाट पर 1,08,000 रुपये का अनुदान मिलेगा। जिले में 2024-27 तक 5880 घरों में सोलर प्लांट लगवाना है। अब तक 3839 आवेदन आए हैं और 445 घरों में सोलर प्लांट लगाया जा सका है। सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि सोलर पैनल की आयु 25 वर्ष होती है। यह योजना ऋण के माध्यम से भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि सोलर समाधान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। बैठक में यूपी नेडा के सचिव पंकज सिंह, सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर अजय कुमार, परियोजना अधिकारी प्रणव पाठक आदि मौजूद रहे।