प्रेक्षकों ने निरीक्षण किया, डीएम, एसएसपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं के निर्देश दिए
पैरा मिलिट्री फोर्स को लगाने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जाएगी
भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकों ने बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की प्रशासन की ओर से कराई गईं सारी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विधानसभावार बनाए गए स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्षों का स्थलीय निरीक्षण करके कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पर जोर दिया।
डीएम और एसएसपी से कहा कि सुरक्षा के साथ कोई ढिलाई न की जाए। मतदान समाप्ति पर स्ट्रांग रूम सील करने के बाद उसकी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हेतु पैरा मिलेट्री फोर्स को लगाया जाएगा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जाएगी। यहां कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। प्रेक्षकों ने कहा कि सभी कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मतगणना एजेंट्स के बैठने की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित कराई जाएं कि मतगणना एजेंट्स को मतगणना कार्य दिखाई देता रहे जिससे मतगणना की पारदर्शिता बनी रहे। मंडी समिति से ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी, इसलिए प्रेक्षकों ने समय से इन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। मंडी समिति के निकट ही पोलिंग पार्टी ले जाने वाले वाहन उपलब्ध रहेंगे।
बिसौली विधानसभा के लिए नामित डॉ. विशाल आर., सहसवान के टीएन वैंकटेश, बिल्सी के अशोकनंद एचएस., बदायूं के के.श्रीनिवासुलु, दातागंज के केएस मंजूनाथ और पुलिस प्रेक्षक आर सत्या सुंदरम ने जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महेंद्र यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाएं देखीं। प्रेक्षकों के निरीक्षक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अच्छे लाल सिंह यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।