रमजानपुर में ठिलिया जूलूस के साथ उमड़ी भीड़। संवाद
कादरचौक। मदारियन गद्दी समुदाय का सबसे बड़ा मेला रमजानपुर में रविवार से शुरू हो गया। बेहटा गुसाई गांव समेत आसपास के तमाम गांवों से इस समाज के लोग दुआ के लिए गूंगेशाह की दरगाह पर पहुंचे। दिन भर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आने का सिलसिला बना रहा। मेले में ठिलिया उठने की शानदार शुरूआत हुई।
दरगाह हजरत गूंगे शाह से (गागर) ठिलिया रविवार दो बजे के बाद दरगाह से शुरू हुई। कस्बे की जामा मस्जिद में पहुंच कर हाफिज इस्लाम ने फातहा पढ़ी। छोटे मियां शाह मलंग के सिर पर ठिलिया की गागर रख कर कस्बे के मुख्य मार्गों पर भ्रमण किया गया। इधर, कव्वालियों के साथ लोग बड़ी संख्या में हजरत गूंगे शाह की दरगाह पर पहुंचे।
अकीकतमंदों ने मजार शरीफ पर गुलपोशी व चादरपोशी की। ठिलिया व गागर की रस्म अदा की गई। विभिन्न अखाड़ों में खलीफाओं ने करतब दिखाए। दिल्ली, मुरादाबाद, बदायूं शहर से लेकर कस्बे वालों ने भी पकवान वितरित किए। मेले में आए लोगों ने घुड़दौड़ का भी मजा लिया और खरीदारी की। बच्चों के मनोरंजन के लिए ट्रेन, मैजिक डांस, मिक्की माउस और बड़े झूले भी लगाए गए हैं। दरगाह के गद्दीनशी छोटे मियां ने देश की खुशहाली की दुआ की।
रमजानपुर में ठिलिया जूलूस के साथ उमड़ी भीड़। संवाद