राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्टेडियम में हॉकी खेलते खिलाड़ी। स्रोत स्टेडियम
बदायूं। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती व राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता हुई। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। हॉकी प्रतियोगिता में स्टेडियम की ट्रेनी टीम ने बाजी मारी।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में स्टेडियम की ट्रेनी टीम ने बहेड़ी को 4-0 से मात दी। शुरुआत से ही टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे सेमीफाइनल में उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी और स्टेडियम इलेवन के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। रोमांचक खेल में उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने बताया कि फाइनल मैच स्टेडियम ट्रेनी टीम और उच्च माध्यमिक विद्यालय बहेड़ी के बीच खेला गया।
दोनों टीमों ने दमदार खेल दिखाया। शुरुआती मिनटों में मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन अंतिम समय में ट्रेनी टीम ने लगातार गोल दागकर 4-2 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ट्रेनी टीम ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। मैच के बाद विजेता टीम और खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक राजीव कुमार सिंह, विधायक हरीश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी वागीश पाठक ने उद्घाटन किया।