बदायूं के धर्मपुर में ओपीडी रजिस्टर की जांच करते टीम के सदस्य। स्रोत विभाग
म्याऊं। स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) की दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊं के तहत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर धर्मपुर, गौतरा, नबीगंज, लभारी और नौगवां नसीरनगर का निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ऑनलाइन चेकलिस्ट भरने के साथ ओपीडी, 14 प्रकार की जांचों और 19 प्रकार के चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। टीम के सदस्यों ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। इसके अलावा केंद्रों पर बिजली, पानी, उपकरणों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
टीम में मुरादाबाद मंडल से डॉ. सचिन मलिक और कुलदीप शर्मा शामिल रहे। टीम चार दिनों के निरीक्षण के दौरान जुटाए गए फीडबैक और जानकारियों को संकलित कर पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजेगी। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार गंगवार, एसटीएस बृजेश राठौर, काउंसलर आनंद यादव और एमपीडब्ल्यू रवि सक्सेना मौजूद रहे।