दातागंज। गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बने ब्रेकर पर बाइक उछलने से उसहैत के गांव ललोमई की पूनम (35) की गिरकर मौत हो गई। वह अपने भतीजे के साथ जा रही थीं। सड़क पर गिरने से महिला का सिर फट गया। अत्यधिक रक्तस्त्राव से महिला की कुछ ही देर में मौत हो गई।
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव छछऊ के पास हुआ। मुकेश की पत्नी पूनम (35) अपने भतीजे चंगासी निवासी मोनू के साथ कहीं जा रही थीं। ब्रेकर पर बाइक उछलने से पूनम के गिरने पर मोनू ने बाइक रोककर देखा तो उनकी बुआ लहूलुहान होकर बेहोश पड़ी थीं। सूचना देने पर पुलिस पहुंची। बाद में पूनम को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस पर एक घंटा बाद पहुंचने का लगा आरोप
भतीजे मोनू का आरोप है कि पुलिस सूचना दिए जाने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। अगर पुलिस समय से पहुंच जाती तो उनकी बुआ बच सकती थीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस मंगाई, तब उन्हें अस्पताल ले जाया जा सका। इस सब में काफी देरी हो गई। वहीं दातागंज थाना प्रभारी वेदपाल सिंह ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि मोनू की ओर से कोई सूचना नहीं मिली थी। किसी अज्ञात व्यक्ति की जानकारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। संवाद