बदायूं। तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव के बेटे को रंगदारी न देने के विरोध में पीटने के आरोप में तीन सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला जवाहरपुरी निवासी व तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव एडवोकेट हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि उनका बेटा यश कक्षा 11 का छात्र है। आरोप है कि राहुल, दीपक व यश हेकड़ किस्म के हैं। ये लोग बच्चों को डरा धमकाकर व जान से मारने का भय बनाकर रुपये ऐंठते हैं।
रुपये देने से मना करने पर उनके साथ मारपीट करते हैं। 18 फरवरी अपराह्न डेढ़ बजे उनका बेटा स्कूल से घर लौट रहा था। इसी बीच मालगोदाम रोड पर राहुल, दीपक व यश ने उनके बेटे को घेर लिया। लात-घूसों से उसके साथ मारपीट की और तमंचा तान दिया। धमकी दी कि 15 हजार रुपये मांगे थे, जो अब तक नहीं दिए गए। शोर शराबा सुनकर आसपड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपी तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।