वह छत जो बरसात में गिर गई थी। संवाद
बिल्सी। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के बीच तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया में एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। अच्छा रहा कि हादसे के समय परिवार का कोई सदस्य छत के नीचे मौजूद नहीं था, जिससे हादसा बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
गांव निवासी बलबीर पुत्र गंगासिंह के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। लगातार हो रही बारिश के कारण छत कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक ढह गई।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन को सूचना दे दी है।