सड़क किनारे दलदल में फंसी कार। संवाद
उझानी। पेयजल की पाइप लाइन डालने के बाद भरी मिट्टी बारिश में धंसने से हुए गड्ढों में बृहस्पतिवार को भी कई वाहन फंसे। बता दें कि कस्बे में पंखा रोड पर सहकारी क्रय-विक्रय समिति चौराहे से पुरानी अनाज मंडी और दूसरी तरफ गणेश कोल्ड स्टोरेज से आगे तक बुधवार को पेयजल की पाइपलाइन डाली गई थी। जल निगम के कर्मियों ने पाइपलाइन के गड्ढों में मिट्टी भरी थी, जो बारिश में धंस गई।
बुधवार देर रात रास्ते से होकर निकले लोगों की कार आढ़ती सुरेंद्र कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान के सामने गड्ढे में फंस गई। कार सवार लोगों को परेशान देख आसपास के लोगों ने दूसरे वाहन से उसे निकलवाया। गल्ला व्यापारी अमित मित्तल ने बताया कि हादसे में कार का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार लोगों को दो घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, पंखा रोड पर पुरानी अनाज मंडी मोड़ पर दोपहर में ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत चार वाहन भी फंसे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जेसीबी की मदद से निकलवाया गया था। दलदल में बार-बार वाहनों के फंसने के बाद बृहस्पतिवार सुबह जल निगम के कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कंकरीट मिश्रित मिट्टी लेकर मौके पर पहुंचे। इसे डालने के बाद पुरानी अनाज मंडी चौराहे पर आवागमन सुचारू हो सका।
इधर, ईओ मणि जी सैनी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद गड्ढे में और मिट्टी डलवा दी गई है, बारिश के बाद मरम्मत कराई जाएगी।