बदायूं। जरीफनगर थाने की बस्तोई सीकरी चौकी पर तैनात दरोगा मनीष भारद्वाज के साथ चार सिपाहियों के निलंबन की विभागीय जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। जांच में इंस्पेक्टर की भूमिका भी संदिग्ध मिलने की बात सामने आई है। विभागीय जांच कर रहे एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने जरीफनगर के थाना प्रभारी बाबूराम गौतम को नोटिस भेजा है।
जरीफनगर थाने में सात सितंबर की रात करीब एक बजे बस्तोई सीकरी चौकी प्रभारी मनीष भारद्वाज और सिपाही हरीश, सुरजीत, लोकेश और संदीप भाटी को दियोहरा शेखपुर निवासी परिवार के साथ बिना उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दबिश देकर मारपीट करने के मामले में निलंबित किया गया था। एसएसपी अंकिता शर्मा की ओर से विभागीय जांच एसपी सिटी को दी गई। जांच मिलने के बाद एसपी सिटी ने निलंबित पुलिसकर्मियों के बयान पूरे होने के बाद थाना प्रभारी की भूमिका की जांच के लिए नोटिस भेजा है। थाना प्रभारी के बयान होने के बाद उनकी भूमिका भी मामले में सामने आएगी।
-
-
विभागीय जांच में निलंबित उपनिरीक्षक सहित अन्य चारों पुलिसकर्मियों के बयान पूरे हो चुके हैं। थाना प्रभारी को नोटिस भेजा गया है। उनके भी बयान जल्द ही दर्ज किए जाएंगे। जांच पूरी होने के बाद एसएसपी को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
- अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी