सूरजपुर की वृहद गोशाला का निरीक्षण करती बीडीओ शैली गोविल। संवाद
बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर की ग्राम पंचायत सूरजपुर में वृहद गोशाला का बुधवार को बीडीओ शैली गोविल और नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव ने औचक निरीक्षण किया। शीघ्र ही इसका निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस गोशाला में क्षेत्र के 400 से अधिक गोवशों को संरक्षित किया जा सकेगा। यहां तक पहुंचने का रास्ता चौड़ा किया जाएगा।
बीडीओ ने बताया कि पशु पालन विभाग की ओर से सवा करोड़ रुपये से इस वृहद गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। गोशाला तक पहुंचने के लिए रास्ता सकरा है। जल्द ही चौड़ीकरण कराया जाएगा। इससे गोशाला तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि गोशाला के पास जलभराव की समस्या है। पास में बहने वाली सोत नदी तक करीब 70 मीटर लंबा नाला और खड़जा का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे गोशाला के आसपास किसी तरह की जलभराव की समस्या नहीं होगी। इस दौरान बीडीओ ने गांव के लोगों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। इस मौके पर लेखपाल गरिमा सिंह, दीपक विनायक आदि मौजूद रहे।