सर्वाधिक रकम की बोली से विनीत ने पाया रथ पर बैठने का मौका
साहूकारा के जैन मंदिर में शाम तक चले धार्मिक कार्यक्रम
जैन समाज के तत्वाधान में रविवार को महावीर स्वामी का पर्यूषण पर्व धूमधाम से मनाते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली। सत्य और अहिंसा के जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल महिला और पुरुषों ने महावीर भगवान का गुणगान भी किया। मंदिर में भी देर शाम तक धार्मिक कार्यक्रम चले।
पर्यूषण पर्व कार्यक्रम की शुरूआत सुबह में साहूकारा मोहल्ला स्थित जैन मंदिर से हुई। मंदिर में विशेष कार्यक्रम पूरे होने के बाद महावीर भगवान के रथ पर बैठने के लिए बोली भी लगाई गई। विनीत जैन ने सर्वाधिक रकम की बोली लगाकर रथ पर बैठने का सौभाग्य पाया। दोपहर में मंदिर परिसर से ही भगवान महावीर की शोभायात्रा शुरू होकर मेन मार्केट और घंटाघर चौराहे से होकर स्टेशन और पुरानी अनाज मंडी पहुंची। रास्ते में जैन समाज की महिलाओं ने महावीर भगवान का गुणगान भी किया। शोभायात्रा का रथ लोगों का आकर्षण रहा।
सजातीय बच्चों ने शोभायात्रा में भगवान के वेश में शामिल होकर कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। बैंडबाजों से महावीर भगवान को समर्पित भजनों की धुन पर युवक थिरक उठे। शोभायात्रा के रूट को भी सजातीय लोगों ने सजवाया था। अपराह्न में शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंचकर फिर से धार्मिक कार्यक्रम के रूप में विसर्जित हुई। कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रम में अनूप जैन, पूर्व पालिकाध्यक्ष हरिकिशोर जैन, रामकिशोर जैन, अरुण जैन, कुलदीप जैन, शारदा देवी, विनीता जैन, संगीता जैन, सिद्धार्थ, रजनी, शिवांगी, पूनम जैन, सतीश जैन, सुरेश जैन, संजीव, प्रदीप, अरविंद जैन, अर्जित जैन आदि मौजूद थे।