नगर पालिका परिषद के ध्यान न देने से बढ़ रही परेशानी
रविवार को अधिकांश दफ्तरों और कार्यालयों में अवकाश रहता है और लोग रविवार को अवकाश का पूरा लुत्फ उठाना चाहते हैं, लेकिन रविवार के अवकाश को शहर की अधिकांश सड़कों, तिराहों, चौराहों, नुक्कड़ों पर कूड़े के ढेर लगे नजर आ जाएंगे। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही है।
जिले भर में चिकनगुनियां, मलेरिया, डेंगू आदि तमाम मच्छरजनित और संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। बावजूद इसके शहर की सफाई व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रहे है, जबकि नगर पालिका परिषद के पास ठेका, संविदा और नियमित कर्मचारियों की एक अच्छी संख्या है। फिर भी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। अब शहर में यूं तो अधिकांश तिराहों चौराहों पर कूड़े के ढेर नजर आ जाएंगे, लेकिन कुछ स्थानों पर कूड़ा ज्यादा होने की वजह से वहां से निकलना दूभर हो जाता है। कूड़े की बदबू से लोगों का घरों से निकलना दूभर होता जा रहा है, फिर भी पालिका का ध्यान इस ओर नहीं है।