बदायूं/बिसौली। विकासखंड के गांव भटपुरा में नाला न होने से लोगों को सड़कों पर जलभराव की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने से स्थिति और भी भयावह हो जाती है। ग्रामीणों को नवनिर्वाचित प्रधान से काफी उम्मीदें है। प्रधान का कहना है कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा।
गांव में पंचायत भवन न होने से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरन लोगों को खुले स्थानों पर कार्यक्रम करने पड़ रहे हैं। साथ ही सड़कों की हालत जर्जर है। कई मार्ग अभी खड़ंजे हैं। गांव के लोगों ने युवा स्नातक महिला रीता रानी को प्रधान के रुप में चुना है ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
ग्राम पंचायत भटपुरा
- आबादी-3200
- मतदाता -1850
- मुख्य पेशा-मजदूरी एवं खेती-किसानी
- खास पहचान- देवरहा बाबा समाधि स्थल
- शिक्षा - इंटरमीडिएट तक
- शैक्षिक स्तर 80 प्रतिशत
- प्रमुख समस्याएं
- गांव में सीसी रोड न होना
- गांव में नाले की समस्या
- ग्राम पंचायत में बरातघर व सामूहिक कार्यक्रम करने के लिए भवन न होना
- बिजली की लाइन खराब होना
- नव निर्वाचित प्रधान की बात
पहले उन कामों को प्राथमिकता दी जाएगी जो पिछली पंचवर्षीय योजना के दौरान शुरू हुए हैं और अभी अधूरे पड़े हैं ताकि वह जल्द पूरे हो जाएं। साथ ही गांव की प्रमुख समस्याओं में से सीसी रोड हैं। साथ ही नाला न होने की वजह से जलभराव सड़कों पर होता जाता है। इन कार्यों को प्राथमिकता के हिसाब से काम कराया जाएगा। जो गरीब लोग कच्चे मकान में रह रहे हैं। उन्हें पक्के आवास की व्यवस्था की जाएगी। ग्राम पंचायत में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। - रीता रानी, प्रधान
गांव में कई विकास कार्य होने हैं ताकि आने वाले समय में लोगों को कुछ राहत मिल सके। इसको ध्यान में रखते हुए युवा शिक्षित महिला को प्रधान के रुप में चुना है। समस्याओं का जल्द समाधान हो सकेगा।
- पप्पू जाटव
गांव में बरातघर नहीं होने की वजह से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जो वैवाहिक कार्यक्रम या अन्य कोई कार्यक्रम हैं। सभी को सड़क या खुले मैदान में करना पड़ता है।
- राम प्रकाश कश्यप
जलभराव की समस्या यहां पर बनी हुई है। अगर नाला निर्माण होता है तो उम्मीद है उस समस्या का आसानी से समाधान हो सकता है। इसकी वजह से लोगों को अभी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- करन सिंह प्रजापति