नूरपुर पिनौनी। 44 साल पहले नूरपुर पिनौनी में मंजूर पुलिस चौकी को स्थान न मिल पाने के कारण पास के गांव नौगवां में अस्थायी पुलिस चौकी बना दी गई थी। समाजसेवी राकेश पुजारी ने गांव का क्षेत्रफल बड़़ा होने के कारण नूरपुर पिनौनी में ही पूर्व स्वीकृति के आधार पर पुलिस चौकी बनाने की मांग करते हुए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया है।
उन्होंने बताया कि 1980 में नूरपुर पिनौनी में ही पुलिस चौकी स्वीकृत हुई थी। उस समय पिनौनी में जगह न मिलने से गांव नौगवां में अस्थायी रूप से चौकी बना दी गई थी। इसके बाद नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट लगभग 20 वर्ष पूर्व पुलिस चौकी के लिए जगह लेकर छोड़ दी गई, लेकिन निर्माण अबतक नहीं कराया गया।
उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों को पुलिस चौकी की स्वीकृति की याद दिलाते हुए अवगत कराया है कि स्वीकृत चौकी का अबतक निर्माण नहीं हो सका है। बताया कि कई बार इस्लामनगर थानाध्यक्ष मौका मुआयना करने आए, लेकिन पुलिस चौकी के निर्माण में कोई प्रगति नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र के लोगों की बेहतर सुरक्षा के लिए नूरपुर पिनौनी में ही स्थायी पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाए।