नवादा स्थिति न्यू अपोलो अस्पताल। संवाद
बदायूं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा नवादा में बिना पंजीकृत अस्पताल में झोलाछाप ने मरीज का इलाज शुरू कर दिया। इसमें मरीज की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत देख आरोपी मरीज को छोड़कर अस्पताल से भाग गया। परिजनों ने मरीज को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की जांच में भी अस्पताल फर्जी पाया गया है।
थाना बिनावर क्षेत्र के गांव रहमा निवासी अमरपाल ने 10 फरवरी को सिविल लाइंस थाने की पुलिस चौकी नवादा पर तहरीर दी है। तहरीर में कहा है कि सोमवार की रात वह बीमार भाई ओमकार को लेकर शहर में इलाज कराने ला रहा था। रात होने ही वजह से नवादा चौकी के सामने न्यू अपोलो अस्पताल का बोर्ड लगा देखा। यह देख मरीज को लेकर वह अस्पताल में पहुंच गया।
मौजूद मिले व्यक्ति ने कहा- बस दो मिनट में डॉक्टर साहब आ रहे हैं और मरीज को बेड पर लिटाकर भर्ती कर लिया। एक युवक आया और दाे तीन इंजेक्शन लगा दिए। इसके बाद भी भाई को पेशाब नहीं आई तो कथित डॉक्टर ने नली डालने की बात कही। परिजनों ने मरीज की बेचैनी देख नली डालने को कह दिया।
नली डालते समय पेशाब की थैली फट गई। पेशाब की जगह से खून बहने लगा। यह देख झोलाछाप के हाथ-पांव फूल गए। उसने मरीज को कहीं अन्य ले जाने को कहा। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होता देख झोलाछाप और स्टाफ वहां से भाग निकला। मरीज की हालत गंभीर देख परिजन उसे बरेली ले गए जहां उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
नवादा क्षेत्र में दस फर्जी अस्पताल
नवादा क्षेत्र फर्जी अस्पतालों का हव बन चुका है। छोटी सी जगह में दस अस्पताल बोर्ड लगाकर अच्छी सुविधाएं देने का वादा करते नहीं थक रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि यहां हाईस्कूल पास लोगों ने फर्जी ढंग से अस्पताल संचालित कर रखे हैं। इन अस्पतालों में प्रसव से लेकर हर मर्ज का इलाज किया जा रहा है। इस ओर स्वास्थ्य विभाग को ध्यान देना होगा, नहीं तो हर रोज किसी न किसी मरीज की जान जाती रहेगी। सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा का कहना है कि बुधवार को अवकाश होने की वजह से जांच टीम नहीं पहुंच सकी है। आज अस्पताल की जांच कराने के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजन मरीज के इलाज में लगे हैं। आने के बाद दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - अनंत अमौरिया, चौकी प्रभारी नवादा