25 बूथों 14742 स्नातक मतदाता करेंगे मतदान
बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को वोट पड़ेंगे। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार, एसएसपी महेंद्र कुमार, सीडीओ अच्छेलाल सिंह यादव, एसडीएम
प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव ने दिशानिर्देश देकर बृहस्पतिवार को रवाना कर दिया। पोलिंग पार्टी के पीठासीन अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर कंट्रोल रूम के अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं, मतदान केंद्रों पर भी तैयारियां पूरी कर ली गईं।
गुरुवार को इस्लामियां इंटर कॉलेज में सहायक निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में 25 पोलिंग पार्टी को मतपत्र, वोटर लिस्ट, अमिट स्याही, मतपेटी समेत जरूरी निर्वाचन सामग्री दी गईं। नौ जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 21 माइक्रो आब्जर्वर्स को भी रवाना किया गया। इस दौरान पोलिंग पार्टी को निर्देश देते हुए डीईओ ने कहा कि निष्पक्ष मतदान कराने में कोई समस्या हो तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। इन पोलिंग बूथों पर 14742 स्नातक वोटर मतदान करेंगे।
इन स्थानों पर होगा मतदान
नगर पालिका परिषद बदायूं के कक्ष एक एवं दो, राजकीय इंटर कॉलेज के कक्ष चार एवं पांच, नगर पालिका परिषद उझानी के कक्ष एक, क्षेत्र पंचायत कार्यालय उझानी, कादर चौक, सालारपुर, जगत, समरेर, दातागंज, म्याऊं, उसावां, अंबियापुर, सहसवान, दहगवां, इस्लामनगर के कक्ष एक एवं दो, आसफपुर, बिसौली के कक्ष एक एवं दो, वजीरगंज के कक्ष एक, नगर पंचायत अलापुर, नगर पालिका परिषद बिल्सी, सहसवान को मतदेय स्थल बनाया गया है।
ये पहचान पत्र होंगे वैध
एमएलसी चुनाव में फोटो पहचान पत्र के अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा आठ अन्य वैकल्पिक पहचान पत्र दिखाकर वोट डाले जा सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव ने बताया कि पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री डिप्लोमा मूल प्रमाण पत्र, राज्य एवं केंद्र सरकार तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा कर्मचारियों के सेवा पहचान पत्र, सांसद, सदस्य विधानसभा, सदस्य विधान परिषद को जारी अधिकारिक पहचान पत्र को दिखाकर वोट डाल सकेंगे।