कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक
विधानसभा चुनाव के लिए प्रेक्षकों ने गुरुवार को प्रत्याशियों के लिए आचार संहिता का पाठ पढ़ाया। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रत्याशियों और समस्त आरओ, प्रभारी अधिकारियों से रूबरू हुए प्रेक्षकों ने चुनाव आचार संहिता का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी। प्रेक्षकों ने कहा कि प्रत्याशी जाति, धर्म एवं भाषाई समुदायों के बीच भेदभाव पैदा करके वोट न मांगे। कहा कि एक प्रत्याशी नए बैंक खाते से केवल 28 लाख तक खर्च कर सकता है। तीन फरवरी को कलक्ट्रेट स्थित एडीएम वित्त एवं राजस्व के सभाकक्ष में स्थापित लेखा टीम को चुनाव व्यय रजिस्टर दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए आने वाली नकाबपोश महिलाओं की जांच के लिए प्रत्येक बूथ पर महिला मतदान कर्मी की तैनाती की जाएगी। बताया कि मकान मालिक की अनुमति के बिना उनके भवन पर प्रचार सामग्री लगाना गलत है। अनुमति के बिना सभा, प्रचार वाहन, रोड शो नहीं निकाला जाए। प्रचार सामग्री नियमानुसार ही छपवाई जाए। 20 हजार से अधिक खर्च को नगद नहीं किया जा सकेगा। नकाबपोश महिलाओं की जांच हेतु प्रत्येक बूथ पर एक महिला मतदान अधिकारी भी तैनात की जाएगी।
इस दौरान बिसौली विधानसभा के प्रेक्षक डॉ. विशाल आर, सहसवान के टीएन वेंकटेश, बिल्सी के अशोकानंद एचएस, बदायूं के श्रीनिवासुलु, शेखूपुर की उर्मिला सुरेंद्र शुक्ला, दातागंज के प्रेक्षक केएस मंजूनाथ तथा पुलिस प्रेक्षक आर सत्या सुंदरम ने डीईओ पवन कुमार, एसएसपी महेंद्र यादव, सीडीओ अच्छेलाल सिंह यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, एडीएम एके श्रीवास्तव, एसपी सिटी अनिल यादव, एसपी देहात संजय राय मौजूद रहे।
पुलिस प्रेक्षक के मोबाइल नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत
बदायूं। विधानसभा चुनाव के पुलिस प्रेक्षक आर सत्या सुंदरम के मोबाइल नंबर 9410626883 पर राजनीतिक दल, चुनाव प्रत्याशी एवं मतदाता समस्या होने पर शिकायत कर सकते हैं। उन्हें नलकूप विभाग के गेस्ट हाउस के कक्ष संख्या दो में ठहराया गया है। नलकूप विभाग के एक्सईएन किशन लाल वर्मा को पुलिस प्रेक्षक का लाइजनिंग अफसर बनाया गया है, जिनका मोबाइल नंबर 9415106006 पर भी शिकायत अथवा समस्या बताई जा सकती है।