बदायूं। वायरल बुखार भी अब चिकनगुनिया की तरह लोगों को दर्द दे रहा है। बुखार आने के बाद लोगों के पैर और हाथों में दर्द और सूजन आ रही है। बुखार आने पर मरीज को ठीक होने में पंद्रह दिन तक लग रहे हैं और इसके बाद भी दर्द पूरी तरह नहीं जा रहा।
चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज वायरल के पहुंच रहे हैं। बुखार के बाद लोगों को शरीर में दर्द होने से उनका चलना-फिरना भी मुश्किल हो रहा है। जिला अस्पताल में बुधवार को मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में 1400 की ओपीडी हुई, इनमें 50 प्रतिशत से अधिक मरीज बुखार के पहुंचे।
बुखार के अलावा दर्द, खांसी, जुकाम, गले में इंफेक्शन के मरीज भी अस्पताल में जांच कराने के लिए पहुंचे। अस्पताल में भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को पंजीकरण और जांच कराने के लिए इंतजार करना पड़ा।
जलभराव घर के आसपास न होने दें
डॉ. अलंकार सोलंकी का कहना है कि मौसम में बदलाव होने से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और वायरल बुखार होने की अधिक आशंका रहती है। विभाग की ओर से लोगों को स्वच्छता के साथ घर के आसपास पानी इकट्ठा न होने देने के लिए भी जागरूक रहना चाहिए।
बुखार के साथ जोड़ों का दर्द कर रहा परेशान
कई दिन से बुखार आ रहा है। शरीर व जोड़ों में दर्द से हाल बेहाल है। चिकित्सक ने दवा देकर आराम करने की सलाह दी है। - पंकजा देवी, सोवरनपुर, बदायूं
बुखार आने के छह दिन बाद कराई जांच
पांच-छह दिन से बुखार आने से तबीयत खराब चल रही है। बुखार के बाद अब हाथ और पैरों में दर्द के साथ सूजन भी आ गई है। चिकित्सक का कहना है कि यह बुखार के कारण हो रहा है। अब जांच कराई है। -मेहराज, मोहम्म्द चौक
ऐसे करें बीमारी से बचाव
- ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें।
- मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
- बुखार आने पर चिकित्सकीय परामर्श लें और सलाह से ही दवा का सेवन करें।
- रात में मच्छरदानी का प्रयोग करें।
- खिड़कियों में जाली लगवाएं।
अधिकांश मरीजों में चिकुनगुनिया जैसे लक्षण पाए जा रहे हैं, लेकिन जांच में चिकनगुनिया नहीं आ रहा है। मरीजों का बेहतर इलाज किया जा रहा है। वायरल है जो दस से 15 दिनों तक परेशान कर रहा है। -डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल, बदायूं
मेहराज बेगम।
मेहराज बेगम।