गांव दिधौनी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के चौथे दिन गंजडुंडवारा से आईं कथावाचक ममता शाक्य ने कहा कि आज मानव सत्य के मार्ग से भटक गया है। जिसके कारण वह तमाम कष्टों से घिर गया है। इससे मुक्ति के लिए मानव को सत्य का मार्ग अपनाना होगा। कथावाचक ने कहा कि शास्त्र कहता है कि सत्य अगर आचरण में न हो तो कम से कम उसे स्वीकार करना चाहिए, समस्त सृष्टि का संचालन ही सत्य के आधार पर हो रहा है। जीव बिना आधार के टिक नहीं सकता, इसलिए सत्य के मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।
उन्होंने कहा जिस तरह से पृथ्वी से मिट्टी का एक डेला उठाकर आप ऊपर की ओर फेंक कर इस का प्रयोग करके देख सकते हैं। वह तब तक घूमता रहेगा, जब तक लौट कर पृथ्वी पर नहीं आ जाता। ठीक उसी तरह से आत्मा भी सत्य का अंश है, वह तब तक शांति को प्राप्त नहीं होगी, जब तक अपने अंश में नहीं मिल जाती है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अजयपाल शाक्य, सुरेंद्र सिंह, रामगोपाल शाक्य, कृष्ण मुरारी शर्मा, मदन लाल, रामप्रकाश सिंह, नरेश पाल सिंह, राजेश कुमार, शिवओम, धर्मेंद्र कुमार, ऋषिपाल श्रीवास्तव, सुधीर कुमार, रामौतार, भगवान सिंह, देवपाल आदि मौजूद रहे।