आसाफपुर। बीती एक दिसंबर से कोहरे के चलते बंद चल रही मुरादाबाद-बरेली लोकल पैसेंजर ट्रेन (64177) का संचालन बुधवार से शुरू हो जाएगा। ट्रेन अपने पूर्व समय के मुताबिक, मुरादाबाद से सुबह लगभग 7 बजे चलकर आसफपुर रेलवे स्टेशन लगभग 9:25 बजे पहुंचेगी। बरेली पूर्वाह्न 11 बजे पहुंचकर अपराह्न दो बजे वापसी करेगी। इस ट्रेन से रोजाना आने जाने वाले यात्रियों को लाभ होगा।
बता दें कि ट्रेन का संचालन बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी बरेली और चंदौसी पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को हो रही थी। क्षेत्र के लोगों ने रेल प्रशासन से इस ट्रेन को सुचारू करने की मांग उठाई थी। स्टेशन मास्टर शकील अहमद ने बताया कि रेल विभाग ने लोगों की मांग को देखते हुए बुधवार से इस ट्रेन का संचालन एक बार फिर शुरू कर दिया है।