बदायूं। बृहस्पतिवार रात कार सवार बदमाश शहर के भामाशाह चौराहे से एंबुलेंस के एक कर्मचारी को उठा ले गए। बाद में रास्ते में मारपीट की और उसके पास मौजूद सारा सामान, रुपये और मोबाइल लूट लिया। फिर कुलचौरा के नजदीक कार से धक्का देकर भाग गए। ईएमटी ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शाहजहांपुर में कलान थाना क्षेत्र के गांव मिश्री नगला निवासी सुमित कुमार बुलंदशहर जिले में एंबुलेंस के ईएमटी हैं। सुमित कुमार के मुताबिक बृहस्पतिवार रात वह अपने घर लौट रहे थे। बस ने उन्हें रोडवेज बस स्टैंड पर उतारा। यहां से वह रात करीब 11 बजे भामाशाह चौराहे पर पहुंचे। वह चौराहे पर खड़े होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की स्कार्पियो कार आई, उसमें छह बदमाश सवार थे। उनमें से चार बदमाश उतरे और उन्होंने तमंचे के बल पर उन्हें कार में डाल लिया। उसके साथ मारपीट की। उन्हें तमंचा और चाकू दिखाकर एक मोबाइल, 11400 रुपये, एक जैकेट, एक किलो पेठा आदि लूट लिया। फिर उसे कुलचौरा गांव के नजदीक कार से धक्का दे दिया। फिर बदमाश गाड़ी दौड़ा ले गए। वह पैदल चलकर गांव के नजदीक ढाबे पर पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों को आपबीती बताई। सूचना पर यूपी 112 पुलिस और चीता मोबाइल पहुंच गई। उन्होंने पुलिस को पूरी जानकारी दी। उसके बाद पुलिस ने एक बस में बैठाकर शाहजहांपुर भेज दिया। वह शुक्रवार दोपहर सिविल लाइंस थाने पहुंचे और घटना के संबंध में तहरीर दी। फिलहाल इस संबंध में अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।