नाहर खां सराय नई बस्ती में सीवर पाइप लाइन डालने के लिए चल रही खुदाई
बदायूं। शहर के नाहर खां सराय नई बस्ती में सीवर पाइप लाइन डालने के लिए चल रही खोदाई ने लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। खोदाई के दौरान मुख्य नाला टूट गया, इससे गलियों में गंदा पानी भर गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर लाइन डालने का काम बिना किसी सावधानी के किया जा रहा था। पानी की टंकी से आगे खोदाई के दौरान मुख्य नाला क्षतिग्रस्त हो गया। नाले का गंदा पानी तेजी से आसपास की गलियों में फैल गया, इससे कई गलियां जलमग्न हो गईं। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में बदबू फैल गई। हालात ऐसे हो गए कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, गंदे पानी के जमाव से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदारों को हो रही है। लोगों ने संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। क्षेत्र के लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से तत्काल नाले की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।