बदायूं। जिले के 48 नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (न्यू पीएचसी) पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। कई मरीजों की चिकित्सकों की सलाह पर रक्त जांच, शुगर, बीपी और मलेरिया जैसी जांचें भी कराई गईं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आने का असर जिले में न्यू पीएचसी पर लगने वाले जन आरोग्य मेला में साफ तौर पर देखने के लिए मिला। घना कोहरा होने के बाद भी डॉक्टर और स्टाफ संबंधित केंद्रों पर पहुंच गए। हालांकि, मौसम खराब होने की वजह से मरीज ज्यादा केंद्रों पर नहीं पहुंचे। लेकिन जो पहुंचे उनमें सबसे अधिक संख्या सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण, त्वचा रोग और जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों की रही। इसके अलावा गर्भवती महिलाएं भी पहुंची। उन्हें पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई। बच्चों के टीकाकरण और बुजुर्गों की नियमित जांच भी की गई।
-
43 मरीजों का उपचार, आठ गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
बगरैन/फैजगंज। कस्बे में आयोजित आरोग्य मेले में कुल 43 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मेले में आठ गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां दी गईं। चिकित्सक डॉ. अशरफ अली ने मरीजों की जांच की। फैजगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर दो बजे तक कुल 55 मरीजों को उपचार दिया गया। इनमें से 23 मरीजों को होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका कुशवाहा ने देखे।
आरोग्य मेले में 45 मरीजों ने ली दवा, 11 की हुई रक्त जांच
दबतोरी/म्याऊं। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दबतोरी पर आयोजित आरोग्य मेले में दोपहर एक बजे तक 45 मरीज दवा ले चुके थे। डॉक्टर की सलाह पर 11 मरीजों की रक्त जांच कराई गई,इनमें मलेरिया, पीलिया, टाइफाइड और शुगर की जांच हुई। म्याऊं के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को दोपहर 3:30 बजे तक कुल 32 मरीज पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।